विभूतिपुर (समस्तीपुर): बुधवार को विभूतिपुर थाना क्षेत्र के केराई पुल चौक के पास ग्रामीणों ने एक युवक की मौत के विरोध में सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दलसिंहसराय-अंगार घाट मुख्य सड़क पर आगजनी की और नारेबाजी की।
देसी शराब पीने से गई युवक की जान का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, छोटेलाल राम उर्फ छोटू राम (37 वर्ष) की मौत मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई।
परिजनों का दावा है कि उन्होंने देसी शराब पीने के बाद उल्टी की और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी रजनी देवी ने बताया कि उनके पति खेत से लौटने के बाद शराब पीने गए थे। रात करीब 10-11 बजे घर लौटे, उल्टी हुई और उनकी जान चली गई।
गांव में धड़ल्ले से बिक रही देसी शराब, ग्रामीणों में गुस्सा
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि केराई डीह वार्ड 6 में करीब एक दर्जन से अधिक घरों में देसी शराब की बिक्री और निर्माण हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पुलिस को जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जाती।
ग्रामीणों का कहना है कि बीते छह महीनों में पांच लोगों की मौत देसी शराब पीने से हो चुकी है।
इन मृतकों में —
सोनेलाल राम, रामविलास राम, रामाश्रय राम (पुत्र अनूप राम), दिनेश राम (पुत्र नंदन राम), और छोटेलाल राम (पुत्र शनिच्चर राम) शामिल हैं।
सड़क जाम और आगजनी से मचा हड़कंप
बुधवार की सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने केराई पुल चौक के पास मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया।
उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आगजनी कर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों की मांग थी कि शराब बेचने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए।
पुलिस बोली – जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी
इस मामले पर थानाध्यक्ष (उत्पाद विभाग) पल्लवी कुमारी ने बताया कि
“दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिनके घर से शराब बरामद हुई है, उन पर कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम ही अंतिम संस्कार कर दिया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।”
ये भी पढ़ें–
- मोहिउद्दीननगर में भीषण अगलगी से दो घर राख, चार लाख की संपत्ति जलकर नष्ट
- बूढ़ी गंडक नदी में मिला 16 वर्षीय किशोर का शव, बहन को बचाते हुए बह गया था अमन