समस्तीपुर। विभूतिपुर:
समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के आलमपुर कोदरिया गांव में खेत के रास्ते ट्रैक्टर ले जाने को लेकर बड़ा विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में एक किसान की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
किसान की खंती व कुदाल से पीट-पीटकर हत्या
आरोप है कि विरोधी पक्ष ने खंती और कुदाल से हमला किया, जिसमें किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान बृजनंदन सिंह (निवासी- आलमपुर कोदरिया) के रूप में हुई है।
हमले में उनकी मां राजकुमारी देवी, बेटा राजीव कुमार, बेटी प्रियंका और पत्नी भी घायल हो गए। सभी का इलाज चल रहा है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
महिलाओं के बीच कहासुनी से बढ़ा मामला
मृतक की मां राजकुमारी देवी के अनुसार, उनका बेटा ट्रैक्टर और टोटो चलाता था। गांव के एक व्यक्ति ने उन्हें खेत जोतने के लिए बुलाया था।
खेत के रास्ते में सुरेंद्र सिंह की जमीन पर बांस का घेरा (ढढ्ढी) लगा था, जिसे हटाकर ट्रैक्टर ले जाया गया।
इसके बाद महिलाओं के बीच कहासुनी होने लगी। शाम को जब बृजनंदन टोटो लेकर लौटे, तभी विवाद बढ़ गया।
हमले के बाद परिवार भी पिटा
जैसे ही बृजनंदन टोटो से उतरे, आरोप है कि सुरेंद्र सिंह, भोला महतो, अजीत कुमार और अभिषेक ने उन्हें जबरन खींचकर अपने दरवाजे पर ले गए और लाठी, डंडे, खंती व कुदाल से ताबड़तोड़ वार किए।
उनकी चीख सुनकर उनका बेटा, बेटी और पत्नी बचाने पहुंचे, लेकिन उन पर भी हमला कर दिया गया।
घटना के बाद अफरा-तफरी, रास्ते में हुई मौत
ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर घायलों को तुरंत विभूतिपुर सीएचसी पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत देखते हुए सभी को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सदर अस्पताल में बृजनंदन की हालत नाजुक होने पर उन्हें पीएमसीएच पटना भेजा गया।
लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
परिवार शव लेकर वापस गांव पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा
रोसड़ा के डीएसपी संजय सिन्हा ने बताया कि यह मामला मारपीट में हुई मौत का है।
पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है और एक आरोपी को हिरासत में लिया है। घटना के पीछे जमीन विवाद का कारण सामने आ रहा है।
ये भी पढ़ें–
- समस्तीपुर में भीषण सड़क हादसा: 2 बाइकों की टक्कर के बाद ट्रक ने कुचला, 3 युवकों की दर्दनाक मौत
- विभूतिपुर में गर्भवती महिला के साथ मारपीट: गुप्तांग पर हमला कर गर्भपात का प्रयास, कई लोगों पर FIR दर्ज