समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के छतनेश्वर गांव में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन विवाद में गवाही देने के बाद बदमाशों ने घर में घुसकर महिला को पीट दिया। इस घटना में महिला का दाहिना हाथ टूट गया। घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना कैसे हुई?
छतनेश्वर गांव के वार्ड नंबर 4 निवासी मणिकांत झा की पत्नी, 50 साल की अर्चना देवी, इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
मणिकांत झा ने बताया कि गांव में रजनीकांत राय और रविंद्र झा के बीच जमीन विवाद चल रहा था। तीन दिन पहले उन्होंने वारिसनगर पुलिस अधिकारी के सामने रजनीकांत राय के पक्ष में गवाही दी थी।
इसी बात से नाराज होकर रविंद्र झा अपने परिवार के साथ मणिकांत झा को ढूंढते हुए उनके घर पहुंचा, लेकिन घर पर वह नहीं मिले। इसके बाद आरोपियों ने मणिकांत की पत्नी अर्चना देवी से कहासुनी की और मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
डॉक्टर ने क्या कहा?
सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉक्टर नीरज कुमार ने बताया कि
“महिला के दाहिने हाथ की हड्डी टूट चुकी है। एक्स-रे रिपोर्ट आने के बाद आगे का उपचार किया जाएगा।”
पुलिस की कार्रवाई
वारिसनगर थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार झा ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम को जांच के लिए मौके पर भेजा गया।
घायल पक्ष के आवेदन मिलते ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें–
- समस्तीपुर में भीषण सड़क हादसा: 2 बाइकों की टक्कर के बाद ट्रक ने कुचला, 3 युवकों की दर्दनाक मौत
- समस्तीपुर–खगड़िया रेलवे ट्रैक का दोहरीकरण: फाइनल लोकेशन सर्वे जल्द शुरू, 84 किमी रूट पर खर्च होंगे 2 करोड़ रुपए