समस्तीपुर | विद्यापतिनगर:
समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। शुक्रवार सुबह बाया नदी में मछली पकड़ने के दौरान एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। यह घटना बालकृष्णपुर मड़वा पंचायत के मुसहरी घाट के पास घटी।
मृतक की पहचान मिर्जापुर गंज गांव निवासी 55 वर्षीय कुशेश्वर सहनी के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वे रोजाना की तरह सुबह करीब चार बजे मछली पकड़ने के लिए नदी में गए थे।
🐟 मछली पकड़ते समय जलकुंभी में फंसे, दम घुटने से मौत की आशंका
ग्रामीणों ने बताया कि मछली पकड़ते वक्त कुशेश्वर सहनी नदी के गहरे हिस्से में चले गए। आशंका जताई जा रही है कि वे जलकुंभी में फंस गए, जिससे उनका दम घुट गया और उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया।
👮 मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया
घटना की सूचना मिलने पर विद्यापतिनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, मुखिया संजीत कुमार साहनी ने बताया कि कुशेश्वर सहनी पेशे से मछुआरे थे और रोज की तरह मछली पकड़ने निकले थे।
ग्रामीणों के बीच इस हादसे को लेकर शोक का माहौल है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें–
- सरायरंजन में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन शुरू | पहले दिन कोई उम्मीदवार नहीं पहुंचा
- आज से समस्तीपुर जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन प्रक्रिया शुरू