इंतजार खत्म! बिहार की 75 लाख महिलाओं के खाते में मोदी-नीतीश कल भेजेंगे 10-10 हजार रुपये
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का लाभार्थियों के खाते में पैसा शुक्रवार, 26 सितंबर से ट्रांसफर करना शुरू होगा। इस योजना की पहली किस्त के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10-10 हजार रुपये जारी करेंगे।
राज्य की लगभग 75 लाख महिलाओं के खाते में इस कार्यक्रम के तहत कुल 7500 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना: महिलाओं को स्व-रोजगार का मौका
सरकार के बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को स्व-रोजगार और आजीविका से जोड़ने के लिए यह राशि दी जा रही है।
- महिलाओं को पहले 10,000 रुपये दिए जाएंगे।
- 6 महीने बाद इसका आकलन कर उन्हें 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।
- योजना का मकसद सिर्फ रोजगार देना नहीं बल्कि महिलाओं को रोजगार पैदा करने वाला बनाना है।
सरकार का कहना है कि महिलाएं इस राशि का उपयोग कर अपना व्यवसाय शुरू करेंगी और दूसरों को भी रोजगार का अवसर देंगी।
योजना की घोषणा और आवेदन प्रक्रिया
यह योजना आगामी विधानसभा चुनाव से पहले लोकलुभावन घोषणाओं का हिस्सा मानी जा रही है।
- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले महीने इस योजना की घोषणा की थी।
- बीते 7 सितंबर को आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई।
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की 1 करोड़ से अधिक महिलाओं ने आवेदन किया।
- इनमें से 75 लाख लाभार्थियों को शुक्रवार को 10,000 रुपये मिलेंगे।
- अन्य महिलाओं को आगामी चरणों में पैसा जारी किया जाएगा।
सरकार का कहना है कि सभी लाभार्थियों के खाते में पैसा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से पहले ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
तारीख में बदलाव और कार्यक्रम का आयोजन
पहले सरकार ने योजना के तहत राशि ट्रांसफर करने की तारीख 22 सितंबर तय की थी, लेकिन कुछ कारणों से इसे आगे बढ़ा दिया गया। अब 26 सितंबर को यह राशि महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
- पटना के अलावा सभी जिलों में शुक्रवार को कार्यक्रम आयोजित होंगे।
- प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे।
ये भी पढ़ें–
- HPV का टीका लगने के बाद दो छात्राएं बेहोश: मोरवा में परिजनों और ग्रामीणों ने किया विरोध
- विभूतिपुर में किशोरी के साथ दुष्कर्म, प्राथमिक उपचार के बाद रेफर
- हसनपुर में दुकानदार की हत्या: आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, पूर्व विधायक के आश्वासन पर खत्म हुआ विरोध
- समस्तीपुर में ऐहोल मंदिर की तर्ज पर दुर्गा पूजा पंडाल, मिथिला पद्धति से होगी माता की आराधना
- अभद्र व्यवहार के खिलाफ पंचायत सचिवों का आंदोलन: 27 सितंबर से धरना-प्रदर्शन, बीपीआरओ पर मारपीट का आरोप