Samastipur Crime News
समस्तीपुर: जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने एक जन प्रतिनिधि के घर को निशाना बनाया और लाखों की लूटपाट की। चक हबीब गांव में शुक्रवार की रात करीब 10 से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी के घर में घुसकर जमकर तांडव मचाया। बदमाशों ने न केवल लूटपाट की, बल्कि परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट भी की।
बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदली
पीड़ित पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी के पति मंटून राय ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि घर में उनकी तीसरी बेटी जूली कुमारी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। जूली की शादी आगामी 26 फरवरी को होने वाली है। परिवार ने अपनी मेहनत की कमाई से बेटी के सुनहरे भविष्य के लिए करीब 10 लाख रुपये की ज्वेलरी और शादी का अन्य कीमती सामान खरीदा था। बदमाशों ने शादी के उन सभी गहनों पर हाथ साफ कर दिया, जिससे परिवार अब गहरे सदमे में है।
आधी रात को बदमाशों ने बोला धावा, परिवार को बनाया बंधक
घटना शुक्रवार की देर रात की है जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। मंटून राय के अनुसार, अचानक 10 से ज्यादा बदमाश घर के अंदर दाखिल हो गए। आहट पाकर रेखा देवी की नींद खुली और उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर मंटून राय और उनकी दो बेटियां, जूली और करीना, मौके पर पहुंचे। बदमाशों ने विरोध करने पर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने रेखा देवी के सिर पर वार किया और बेटियों को भी चोटें पहुंचाईं।
पहचाने गए गांव के ही दो बदमाश
लूटपाट के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मंटून राय ने बताया कि वारदात के वक्त बदमाशों ने अपने चेहरे गमछे से ढके हुए थे। लेकिन बहादुरी दिखाते हुए उनकी बेटी जूली ने एक बदमाश का गमछा खींच लिया, जिसकी पहचान गांव के ही नीतीश कुमार के रूप में हुई। वहीं, एक अन्य बदमाश जिससे मंटून राय की हाथापाई हुई, उसकी पहचान शंकर राय के तौर पर की गई है।
घायलों की स्थिति और पुलिस की कार्रवाई
बदमाशों के भागने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से परिवार को बंधन मुक्त कराया गया। आनन-फानन में सभी घायलों को विभूतिपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सदर अस्पताल के डॉक्टर उत्कर्ष कुमार ने बताया कि रेखा देवी के सिर में काफी गहरी चोट है, जबकि बेटियों को अंदरूनी चोटें आई हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर थाने की पुलिस को सूचित कर दिया गया है। नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस की टीम अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों का बयान दर्ज कर रही है, जिसके बाद इसे आगे की कार्रवाई के लिए विभूतिपुर थाना भेजा जाएगा।
ये भी पढ़ें–