बिहार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए समस्तीपुर में पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान जिले के मुख्य बाजारों और सड़कों पर सुरक्षा का जायजा लिया गया।
एएसपी और एसपी की मौजूदगी में हुआ फ्लैग मार्च
यह फ्लैग मार्च समस्तीपुर जिला पुलिस कप्तान अमरेंद्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में आयोजित किया गया। मार्च की अगुवाई एएसपी संजय पांडे ने की। यह समस्तीपुर सदर एसडीपीओ कार्यालय से शुरू होकर चकनूर, धर्मपुर, भोला टॉकीज, चीनी मिल चौक, गणेश चौक, गोला रोड और मारवाड़ी बाजार जैसे इलाकों से गुजरा।
लोगों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील
मार्च के दौरान जवानों और पुलिस अधिकारियों ने लोगों से भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की।
एसपी अमरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है और चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए तैयार है।
मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
प्रशासन ने बताया कि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाएंगे।
आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन किया जा रहा है और मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
6 नवंबर को 10 विधानसभा क्षेत्रों में होगा मतदान
समस्तीपुर जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों में 6 नवंबर को चुनाव होने हैं।
प्रशासन का कहना है कि वह पूरी तरह चौकस है ताकि हर मतदाता बिना किसी भय या दबाव के मतदान कर सके।
फ्लैग मार्च में रहे ये अधिकारी शामिल
फ्लैग मार्च में नगर थाना, मुफस्सिल थाना, यातायात थाना अध्यक्ष, सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडे, यातायात डीएसपी, स्थानीय पुलिस कर्मी और अतिरिक्त बल के जवान शामिल थे।
सभी अधिकारियों ने शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
ये भी पढ़ें–
- एचपीवी टीकाकरण के बाद 6 छात्राएं बीमार: विद्यापतिनगर के स्कूल में मचा हड़कंप, अंचलाधिकारी ने लिया स्थिति का जायजा
- उजियारपुर में जमीनी विवाद पर मारपीट: भगवानपुर देसुआ में दो पक्षों की झड़प, आधा दर्जन लोग घायल