समस्तीपुर में फलों की टोकरी में छिपाई गई 5 लाख की शराब पकड़ी गई
समस्तीपुर जंक्शन पर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने फलों की टोकरी से करीब 5 लाख रुपये की विदेशी शराब बरामद की है। ये शराब फलों की टोकरी में सेब और मौसम्मी जैसे फलों के नीचे छिपाकर रखी गई थी। इसे ऑटो के जरिए भेजने की तैयारी चल रही थी, तभी गुप्त सूचना पर आरपीएफ ने छापेमारी कर बड़ी सफलता हासिल की।
ऑटो से भेजने की थी तैयारी, कारोबारी और चालक फरार
पुलिस के अनुसार, शराब की यह खेप ऑटो में लोड की जा रही थी। इसी दौरान आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही ऑटो चालक और शराब कारोबारी फरार हो गए।
आरपीएफ ने ऑटो को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीमा सील होने के बाद ट्रेन से आ रही शराब की खेप
जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बिहार में चुनाव के मद्देनज़र शराब की तस्करी बढ़ गई है। सड़कों पर निगरानी कड़ी होने के कारण शराब कारोबारी अब ट्रेन के माध्यम से शराब मंगाने लगे हैं। माना जा रहा है कि यह शराब वोटरों को प्रभावित करने के लिए खपाई जानी थी।
गुप्त सूचना पर आरपीएफ की छापेमारी
आरपीएफ इंस्पेक्टर सह पोस्ट प्रभारी अविनाश करोसिया ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि समस्तीपुर जंक्शन के कारखाना गेट की ओर ट्रेनों से शराब उतारी जा रही है और उसे ऑटो में रखा जा रहा है।
सूचना के आधार पर आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर पीके चौधरी और दीपक कुमार की टीम ने छापेमारी की। जब ऑटो की टोकरियों की जांच की गई तो फलों के नीचे शराब की बोतलें, बीयर और केन पैक भरे मिले।
480 बोतल शराब बरामद, मामला दर्ज
आरपीएफ की जांच में कुल 480 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई है, जिसका बाजार मूल्य करीब 5 लाख रुपये बताया जा रहा है। बोतलों पर “सेल फॉर वेस्ट बंगाल” और “हरियाणा” लिखा हुआ मिला है।
इंस्पेक्टर अविनाश करोसिया ने बताया कि इस मामले में अज्ञात कारोबारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब किसने और कब उतारी।
चुनाव से पहले बढ़ी तस्करी की चिंता
चुनाव के समय में शराब की इतनी बड़ी खेप का पकड़ा जाना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया है। आरपीएफ और स्थानीय पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।
ये भी पढ़ें–
- HPV का टीका लगने के बाद दो छात्राएं बेहोश: मोरवा में परिजनों और ग्रामीणों ने किया विरोध
- विभूतिपुर में किशोरी के साथ दुष्कर्म, प्राथमिक उपचार के बाद रेफर
- हसनपुर में दुकानदार की हत्या: आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, पूर्व विधायक के आश्वासन पर खत्म हुआ विरोध
- समस्तीपुर में ऐहोल मंदिर की तर्ज पर दुर्गा पूजा पंडाल, मिथिला पद्धति से होगी माता की आराधना
- समस्तीपुर में करंट लगने से किशोर गंभीर रूप से घायल: खेत जाते समय 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आया