समस्तीपुर (उजियारपुर): बिहार के समस्तीपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। उजियारपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर देसुआ गांव में बिजली की हाईवोल्टेज तार की चपेट में आने से एक 13 साल के किशोर की बेहद दर्दनाक तरीके से मौत हो गई। करंट का झटका इतना जोरदार था कि किशोर का सिर धड़ से अलग हो गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेल-खेल में हुआ खौफनाक हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक किशोर की पहचान भगवानपुर देसुआ (वार्ड संख्या 2) के रहने वाले पप्पू राय के 13 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में की गई है। घटना गुरुवार की शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। अंकित अपने गांव के ही कुछ दोस्तों के साथ चौर (मैदान) में खेलने के लिए गया था। खेलते-खेलते वह सड़क किनारे लगे बिजली के पोल के पास पहुंच गया, जहां वह अनजाने में पोल से जुड़ी स्टे-वायर (स्टेक तार) की चपेट में आ गया।
करंट ने किशोर को ऊपर खींच लिया, धड़ से अलग हुआ सिर
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली के पोल में 11 हजार वोल्टेज का करंट प्रवाहित हो रहा था। जैसे ही अंकित करंट की चपेट में आया, हाई पावर करंट के खिंचाव के कारण वह पोल के ऊपरी हिस्से तक खिंचता चला गया। करंट इतना शक्तिशाली था कि तार के संपर्क में आते ही अंकित का सिर कटकर नीचे गिर गया, जबकि उसका धड़ ऊपर पोल पर ही झूलता रह गया। यह मंजर इतना भयानक था कि देखने वालों के होश उड़ गए।
बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि चौर से गुजरने वाली सड़क के किनारे हाल ही में बिजली के नए पोल और तार लगाए गए थे। महज दो-तीन दिन पहले ही विभाग ने इसमें बिजली की सप्लाई शुरू की थी, जिसकी जानकारी गांव के लोगों को ठीक से नहीं दी गई थी।
इसके अलावा, ग्रामीणों का आरोप है कि पोल की ऊंचाई काफी कम है और सुरक्षा के लिहाज से पोल पर कटीले तार (Barbed Wire) भी नहीं लगाए गए थे, जो आमतौर पर हाईवोल्टेज पोल पर लगाए जाते हैं ताकि कोई उस पर चढ़ न सके। लोगों का कहना है कि अगर विभाग ने सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा होता, तो आज अंकित की जान बच सकती थी।
रील बनाने की भी हो रही है चर्चा
घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों के बीच यह चर्चा भी हो रही है कि बच्चे पोल के पास मोबाइल से वीडियो या रील बना रहे थे, उसी दौरान यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही उजियारपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को नीचे उतारा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है। परिजनों के बयान के आधार पर यूडी (UD Case) केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गांव में इस घटना के बाद से ही बिजली विभाग के खिलाफ काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें–
- समस्तीपुर में पीएम आवास योजना को लेकर भाकपा-माले का बड़ा प्रदर्शन, सूची में नाम जोड़ने की उठी मांग
- समस्तीपुर: शादी का दावा कर प्रेमी के घर के बाहर धरने पर बैठी युवती, युवक ने बताया राजनीतिक साजिश