समस्तीपुर: आज पूरे जिले में महाशिवरात्रि का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही समस्तीपुर के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। शिव भक्त सिमरिया, झमटिया और चमथा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंच रहे हैं। पूरे शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया है।
थानेश्वर स्थान और विद्यापति धाम में लगी 1 KM लंबी लाइन
शहर के प्रसिद्ध थानेश्वर स्थान मंदिर और विद्यापति धाम में सुबह 4 बजे से ही भक्तों का आना शुरू हो गया था। प्रशासन की मानें तो सुबह 7 बजे तक ही थानेश्वर स्थान में 25 हजार से ज्यादा लोग जल अर्पण कर चुके थे। सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पुलिस बल पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
मंदिरों को फूलों और लाइटों से बेहद खूबसूरत तरीके से सजाया गया है। भक्तों की भीड़ इतनी ज्यादा है कि लाइन करीब 1 किलोमीटर तक पहुंच गई है।
4 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद, विशेष श्रृंगार पूजा जारी
इस साल महाशिवरात्रि पर भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि शाम तक जिले के प्रमुख मंदिरों में 3 से 4 लाख श्रद्धालु मत्था टेकेंगे।
- विद्यापति धाम: यहाँ उगना महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया। भक्तों ने भांग, धतूरा, बेलपत्र, मखाना और दूध-दही से बाबा की पूजा की।
- मनोकामना: श्रद्धालु अपने परिवार की सुख-शांति और तरक्की के लिए बाबा से मन्नतें मांग रहे हैं।
सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल: मोरवा का खुदनी बीबी मजार और शिवलिंग
समस्तीपुर की गंगा-जमुनी तहजीब एक बार फिर मोरवा प्रखंड में देखने को मिली। यहाँ एक ही छत के नीचे स्वयंभू शिवलिंग और मुस्लिम भक्त खुदनी बीबी की मजार स्थित है। महाशिवरात्रि के मौके पर यहाँ भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने शिवलिंग पर जल चढ़ाया और मजार पर फूल अर्पित कर आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
आज शाम निकलेगी भव्य ‘शिव बारात’, कलाकार बिखेरेंगे जलवा
महाशिवरात्रि का मुख्य आकर्षण आज शाम निकलने वाली शिव बारात होगी। थानेश्वर स्थान मंदिर से निकलने वाली इस बारात में:
- स्थानीय कलाकार भूत-पिशाच और राक्षस का रूप धरकर शिव तांडव करेंगे।
- ब्रह्मा, विष्णु, नारद और हनुमान जी की भव्य झांकियां निकाली जाएंगी।
- गाजे-बाजे के साथ यह बारात पूरे शहर का भ्रमण करेगी, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ जुटने की संभावना है।
ये भी पढ़ें–
- क्रिकेट के लिए वैभव सूर्यवंशी ने छोड़ी 10वीं की परीक्षा, एडमिट कार्ड आने के बाद भी नहीं होंगे शामिल
- Holi Special Train 2026: बिहार आने वालों के लिए खुशखबरी, चलेंगी कई स्पेशल ट्रेनें | Samastipur Express