समस्तीपुर: जिला मुख्यालय के प्रसिद्ध बाबा थानेश्वर स्थान मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उमड़ी भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र उड़ाने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। नगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस अंतरराज्यीय गिरोह के कुल 7 सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी भी जब्त की है।
महाशिवरात्रि की भीड़ में बनाया महिलाओं को निशाना
बीते रविवार को महाशिवरात्रि के मौके पर शहर के थानेश्वर स्थान मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने मंदिर परिसर में आधा दर्जन से अधिक महिलाओं के गले से सोने की चेन, मंगलसूत्र और अन्य कीमती आभूषण झपट लिए थे। एक के बाद एक कई महिलाओं ने नगर थाना में आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत छानबीन शुरू की गई।
CCTV फुटेज और एक संदिग्ध की गिरफ्तारी से खुला राज
नगर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मंदिर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी प्लानिंग के बारे में सब कुछ उगल दिया। इसी की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
पिपराकोठी के ढाबे से हुई गिरफ्तारी, मुख्य सरगना अब भी फरार
गिरफ्तार किए गए बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से भाग रहे थे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और पूर्वी चंपारण के पिपराकोठी स्थित एक ढाबे पर छापेमारी की, जहाँ ये सभी खाना खाने के लिए रुके थे। पुलिस ने यहाँ से गिरोह के 7 सदस्यों को दबोच लिया। हालांकि, गिरोह का मुख्य सरगना पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में छापेमारी जारी है।
नेपाल और मोतिहारी के रहने वाले हैं बदमाश
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है। गिरफ्तार किए गए 7 आरोपियों में से 3 बदमाश पड़ोसी देश नेपाल के परसा जिले के रहने वाले हैं। वहीं, अन्य 4 बदमाश बिहार के मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार बदमाशों में से एक के पास से पुलिस ने करीब 10 ग्राम वजन की सोने की चेन भी बरामद की है।
पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि इस गिरोह ने शहर में और कहाँ-कहाँ वारदातों को अंजाम दिया है और इनके गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं। फिलहाल जब्त स्कॉर्पियो और गिरफ्तार बदमाशों को समस्तीपुर लाया गया है।
ये भी पढ़ें–
- समस्तीपुर में जमीन के टुकड़े के लिए खूनी खेल: पड़ोसियों ने घर में घुसकर सास-बहू को बुरी तरह पीटा, हालत गंभीर
- Samastipur News: उजियारपुर में चावल के नीचे छिपी 1263 लीटर विदेशी शराब जब्त, ट्रक छोड़कर भागे धंधेबाज