बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को चुनाव से पहले बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब बिहार में “नौकरी का नवजागरण” होगा।
तेजस्वी ने कहा, “बिहार के जिस भी परिवार के पास सरकारी नौकरी नहीं है, ऐसे हर परिवार को नौकरी देना हमारा संकल्प है। सरकार बनते ही 20 दिन में अधिनियम बनाएंगे और 20 महीने के अंदर ऐसा कोई घर नहीं बचेगा जहां सरकारी नौकरी न हो।”
2020 में किया था 10 लाख नौकरियों का वादा
तेजस्वी यादव ने कहा कि साल 2020 के चुनाव में उन्होंने 10 लाख सरकारी नौकरियों का वादा किया था।
उन्होंने मौजूदा मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि, “उस वक्त उन्होंने कहा था कि ये कैसे संभव है, पैसा कहां से आएगा। आज भी लोगों को रोजगार नहीं मिला।”
“तेजस्वी जो बोलता है, वो करता है”
तेजस्वी यादव ने कहा, “20 साल में NDA ने बिहार को बेरोजगारी और असुरक्षा दी है। अब हम हर घर में सरकारी नौकरी देंगे। जीत का जश्न हर घर में नौकरी और विकास के साथ मनाया जाएगा। बिहार में उद्योग, एजुकेशनल सिटी, IT पार्क और डेयरी आधारित उद्योग लगाए जाएंगे।”
ये वादा नहीं, प्रण है – तेजस्वी यादव
नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “ये मेरा वादा नहीं, प्रण है। हमने सारा डेटा और सर्वे पूरा कर लिया है। जो संभव है, वही करेंगे। हमारी प्राथमिकता आर्थिक न्याय और नौकरी सृजन है।”
उन्होंने कहा, “हमारी सरकार बनने के बाद हर परिवार से एक व्यक्ति सरकारी नौकरी में होगा, ताकि हर परिवार की सरकार में सीधी भागीदारी हो।”
“मेरा कर्म बिहार, मेरा धर्म बिहारी” – तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा, “अगले पांच सालों में अपने काम से साबित करूंगा कि मेरा कर्म बिहार है और मेरा धर्म बिहारी। हम बिहार को सच्ची, ईमानदार और परफेक्ट सरकार देंगे।”
बिहार में रोजगार और विकास पर फोकस
तेजस्वी ने बताया कि सरकार बनने पर बिहार में रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे। उद्योग, कृषि, डेयरी, शिक्षा और IT सेक्टर में युवाओं को रोजगार मिलेगा।
ये भी पढ़ें–
- सोशल मीडिया और एसएमएस भी आदर्श आचार संहिता के दायरे में: डीएम रोशन कुशवाहा ने दिए सख्त निर्देश
- Samastipur News: मऊ धनेशपुर में 13 साल से अधूरा पुल: एप्रोच रोड के लिए जमीन न मिलने से काम ठप, लोग नाव से कर रहे आवागमन