Bihar News: सहरसा से अमृतसर के लिए शुरू होगी अमृत भारत ट्रेन, PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी
सहरसा से अमृतसर तक नई रेल सेवा की शुरुआत
सहरसा जिले के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 15 सितंबर को सहरसा से अमृतसर के लिए अमृत भारत ट्रेन की शुरुआत होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं, सहरसा स्टेशन पर स्थानीय सांसद दिनेश चंद्र यादव दोपहर 3:30 बजे ट्रेन को रवाना करेंगे।
सहरसा स्टेशन पर तैयारियां पूरी
पूर्व मध्य रेल समस्तीपुर मंडल के रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने रविवार को सहरसा स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बने नवनिर्मित भवन का काम लगभग पूरा हो चुका है। शेष कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
अमृत भारत ट्रेन का रूट और समय
यह ट्रेन सहरसा से छेहरटा (अमृतसर) के बीच चलेगी। मार्ग में यह सुपौल, सरायगढ़, निर्मली, झंझारपुर, सकरी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, मुरादाबाद और अंबाला कैंट जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
- गाड़ी संख्या 05531 सहरसा-छेहरटा अमृत भारत उद्घाटन स्पेशल
- 15 सितंबर को दोपहर 3:30 बजे सहरसा से खुलेगी
- 17 सितंबर की रात 2:00 बजे अमृतसर (छेहरटा) पहुंचेगी
फारबिसगंज से दानापुर तक वंदे भारत ट्रेन भी शुरू
15 सितंबर को ही फारबिसगंज से दानापुर के बीच वंदे भारत ट्रेन का भी शुभारंभ होगा। यह ट्रेन फारबिसगंज से शाम 3:30 बजे खुलेगी और अररिया कोर्ट, पूर्णिया, सहरसा होते हुए रात 11:40 बजे दानापुर पहुंचेगी।
यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार
सहरसा स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था की जा रही है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नई ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को तेज और आरामदायक सफर मिलेगा।
ये भी पढ़ें–
- निजी अस्पताल में प्रसूता बंधक, जुड़वां बच्चों की मौत; विधायक के हस्तक्षेप से मिली राहत
- 9 सितंबर से शुरू होगी 11वीं और 12वीं की अर्धवार्षिक परीक्षा, 24 से 9वीं और 10वीं की परीक्षा
- डीबीकेएन कॉलेज में छात्रों का भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी
- मुंबई से बरामद प्रेमी युगल: लड़की ने जताई परिजनों संग रहने की इच्छा