Samastipur News: जिले के 767 स्कूलों ने नहीं किया यू-डायस पर डाटा फीडिंग, 24 घंटे में काम शुरू करने का निर्देश
समस्तीपुर
यू-डायस 2025-26 (UDISE+) पोर्टल पर स्कूल, शिक्षक और छात्र प्रोफाइल की डाटा एंट्री में समस्तीपुर जिला पिछड़ गया है। जिले के कुल 3418 स्कूलों में से 767 स्कूलों ने अब तक डाटा फीडिंग का काम शुरू ही नहीं किया है।
राज्य परियोजना निदेशक ने इस लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित स्कूलों के प्रधानाध्यापकों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सभी स्कूलों को जारी हुआ नोटिस
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान), मो. जमालुद्दीन ने सभी सरकारी, निजी, अनुदानित, मदरसा और संस्कृत विद्यालयों को स्मार पत्र जारी किया है।
इसमें साफ कहा गया है कि हर स्कूल को यू-डायस पोर्टल पर स्कूल, शिक्षक और छात्रों का डाटा अपलोड करना अनिवार्य है। लेकिन अब तक कई स्कूलों ने काम शुरू नहीं किया है।
राज्य स्तर पर हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में भी इस देरी पर चिंता जताई गई। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना के निदेशक ने निर्देश दिया है कि लापरवाह प्रधानाध्यापकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
समस्तीपुर की उपलब्धियां और रैंकिंग
- स्कूल प्रोफाइल अपडेटेशन: 3418 में से 3416 स्कूलों ने काम पूरा कर लिया है। इस प्रदर्शन के साथ समस्तीपुर जिला राज्य में सातवें स्थान पर है।
- छात्र प्रोग्रेशन: कुल 9,29,215 छात्रों में से 4,49,364 छात्रों का प्रोग्रेशन पूरा हो चुका है। जबकि 2,97,335 छात्रों का कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है। इस मामले में जिला राज्य में नौवें स्थान पर है।
- शिक्षक प्रोफाइल: शिक्षकों की प्रोफाइल अपडेटेशन में जिला 15वें स्थान पर है।
क्यों जरूरी है डाटा अपलोड?
डाटा फीडिंग पूरी होने से –
- छात्रों को सरकार की सुविधाएं समय पर मिलेंगी।
- स्कूलों की ज़रूरतों और इंफ्रास्ट्रक्चर को आसानी से पूरा किया जा सकेगा।
- बार-बार रिपोर्ट भेजने की जरूरत नहीं होगी।
- छात्रों की प्रगति का सही आकलन होगा और उनकी पढ़ाई में सुधार के लिए व्यक्तिगत गाइडेंस दी जा सकेगी।
ये भी पढ़ें–