समस्तीपुर: सोशल मीडिया के दौर में प्यार की सरहदें अब शहरों की दूरी नहीं देखतीं। ऐसा ही एक मामला समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर प्रखंड के बल्लीपुर गांव से सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार एक महिला को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से 500 किलोमीटर दूर बिहार के समस्तीपुर खींच लाया। यह कहानी जितनी फिल्मी है, इसका क्लाइमेक्स उतना ही चुनौतीपूर्ण रहा।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई प्रेम कहानी
मिली जानकारी के अनुसार, प्रयागराज की रहने वाली 32 वर्षीय संजू कुमारी का संपर्क इंस्टाग्राम के जरिए समस्तीपुर के 26 वर्षीय बॉबी से हुआ था। संजू तलाकशुदा है और उसकी एक बेटी भी है जो अपने पिता के साथ रहती है। अकेलेपन के बीच संजू की दोस्ती बॉबी से हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरे प्यार में बदल गई। पिछले 9 महीनों में बॉबी चार बार संजू से मिलने प्रयागराज भी गया था, जहां शादी का वादा कर उनके बीच शारीरिक संबंध भी बने। संजू फिलहाल गर्भवती है और बॉबी के बच्चे की मां बनने वाली है।
शादी का वादा और परिवार का विरोध
संजू 7 मार्च को प्रयागराज से निकली और 8 मार्च को स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से समस्तीपुर पहुंची। बॉबी उसे लेने स्टेशन पहुंचा और दोनों ने एक रात समस्तीपुर के ही एक होटल में बिताई। इसके बाद बॉबी उसे अपनी बहन के घर ले गया, जहां उसने संजू की मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी का दर्जा दिया।
हालांकि, जब इस रिश्ते की भनक बॉबी के पिता को लगी, तो उन्होंने कड़ा विरोध किया। उन्होंने संजू पर वापस लौटने का दबाव बनाया और बॉबी को अपने साथ ले गए, साथ ही उसका मोबाइल भी छीन लिया।
4 दिनों तक भटकती रही प्रेमिका
अपनों से ठुकराई गई संजू हार मानने को तैयार नहीं थी। वह करीब 4 दिनों तक गांव में ही एक अनजान ग्रामीण के घर शरण लेकर रुकी रही। ग्रामीणों ने इस मामले को सुलझाने के लिए पंचायत भी बुलाई, जिसमें सभी ने संजू का साथ दिया, लेकिन बॉबी के परिजन टस से मस नहीं हुए।
पुलिस की एंट्री और हुआ ‘हैप्पी एंडिंग’ वाला समझौता
शनिवार देर शाम मामला बिगड़ता देख ग्रामीणों ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित हथौड़ी थाने ले गई। थाने में शिवाजीनगर थानाध्यक्ष मौसम कुमार की मौजूदगी में दोनों पक्षों को बुलाया गया। संजू ने साफ तौर पर बॉबी के साथ ही रहने की इच्छा जताई।
लंबी बातचीत और सामाजिक दबाव के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। समझौते के बाद संजू को ससम्मान बॉबी के घर भेज दिया गया, जहां वह अब अपने पति (बॉबी) के साथ रह रही है। शिवाजीनगर थानाध्यक्ष ने पुष्टि की है कि सामाजिक स्तर पर हुए समझौते के बाद लड़की को लड़के के घर भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें:- समस्तीपुर की बेटी ने BHU में की सुसाइड की कोशिश, सीनियर डॉक्टर्स पर प्रताड़ना का आरोप; हालत नाजुक
डिस्क्लेमर: यह खबर Samastipur Express की टीम द्वारा तैयार की गई है। समस्तीपुर जिले की विश्वसनीय खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ।