सीएसपी संचालक पर हमला, 55 हजार की लूट: शराब धंधे का विरोध करने पर बदमाशों ने बनाया निशाना
समस्तीपुर (बिहार):
कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगत सिंहपुर गांव में सोमवार की शाम बदमाशों ने सीएसपी संचालक पर हमला कर करीब 55 हजार रुपए लूट लिए। इस वारदात में सीएसपी संचालक अर्जुन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शराब धंधे का विरोध बना वजह
पीड़ित के भाई विक्की कुमार ने बताया कि अर्जुन हाल ही में मथुरा से बीसीए की पढ़ाई पूरी करके लौटे थे और जगतसिंहपुर चौराहा पर सीएसपी और साइबर कैफे खोलकर रोजगार शुरू किया था। लेकिन उसी स्थान पर कुछ लोग शराब बेचते थे। अर्जुन इसके खिलाफ आवाज उठाते थे और यही उनकी परेशानी का कारण बन गया।
बदमाशों ने पिस्टल की बट से किया हमला
सोमवार शाम गांव का ऋषि कुमार अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बदमाशों ने पिस्टल की बट से अर्जुन के सिर पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान बदमाश 55 हजार रुपए भी लूटकर फरार हो गए।
पहले भी मिल चुकी थी धमकी
जख्मी के परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी अर्जुन पर हमला किया गया था और कई बार उन्हें धमकी दी गई थी। इस बार वारदात के बाद शोर मचाने पर गांव के लोग जुटे, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले।
पुलिस ने कहा – जांच के बाद होगी कार्रवाई
कर्पूरीग्राम थाना अध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। फिलहाल पीड़ित अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। जैसे ही लिखित आवेदन मिलेगा, इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें–
- बिरयानी शॉप से हथियार समेत दो बदमाश गिरफ्तार, लूट की साजिश नाकाम
- ‘जर्सी गाय’ टिप्पणी पर गरमाई बिहार की राजनीति, तेज प्रताप ने साधा निशाना
- सुंदरिया नगर के लोग हसनपुर थाना पहुंचे, दबंगों पर लगाया मारपीट और धमकी का आरोप
- Samastipur News: समस्तीपुर में देर रात स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने चुराई आधे दर्जन से ज्यादा बकरियां
- पटना साहिब गुरुद्वारा को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा