Samastipur News: समस्तीपुर में बूढ़ी गंडक नदी से सिर कटी लाश बरामद, इलाके में दहशत
समस्तीपुर जिले में अपराध का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बूढ़ी गंडक नदी से सोमवार को एक युवक की सिर कटी लाश बरामद हुई। शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान श्याम बिहारी (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रोसड़ा थाना क्षेत्र के हिरमिया वार्ड-6 निवासी थे। वह ठेकेदारी का काम करते थे और काम के सिलसिले में शनिवार को समस्तीपुर आए थे।
आखिरी बार पत्नी से हुई थी बात
परिवार ने बताया कि शनिवार रात करीब 9 बजे श्याम बिहारी ने अपनी पत्नी से आखिरी बार फोन पर बात की थी। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। रात 10 बजे जब पत्नी ने फिर से कॉल किया तो किसी और ने फोन उठाया और कहा कि “यहां श्याम नहीं है।” उसके बाद से फोन स्विच ऑफ हो गया।
पुलिस पर परिवार का आरोप
मृतक के भाई वसंत बिहारी ने बताया कि जब भाई का फोन नहीं उठा तो रविवार सुबह थाने में सनहा दर्ज कराया गया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। दो दिन तक थाने का चक्कर लगाते रहे, पर FIR दर्ज नहीं हुई।
परिवार का आरोप है कि अगर पुलिस समय रहते सक्रिय होती तो शायद श्याम बिहारी की जान बच सकती थी। उन्होंने कहा कि ठेकेदारी के काम में किसी से पैसों का विवाद था और यही हत्या का कारण हो सकता है।
शव की स्थिति और शक
पुलिस को शव अंगार घाट के पास नदी में मिला। शव पर ब्लू जींस, चेक शर्ट और जूते थे। हाथ में कलेवा बंधा हुआ था और सीने पर कपड़ा भी बांधा गया था। शव से कोई पहचान से जुड़ा कागज नहीं मिला। पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या कहीं और कर उसके बाद शव को नदी में फेंका गया है।
पुलिस जांच में जुटी
दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि सिर गायब है और हत्या की आशंका है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें–
- सीएसपी संचालक पर हमला, 55 हजार की लूट: शराब धंधे का विरोध करने पर बदमाशों ने बनाया निशाना
- कल्याणपुर में अल्ट्रासाउंड व लैब की जांच, कई का रजिस्ट्रेशन नहीं
- सुंदरिया नगर के लोग हसनपुर थाना पहुंचे, दबंगों पर लगाया मारपीट और धमकी का आरोप
- Samastipur News: समस्तीपुर में देर रात स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने चुराई आधे दर्जन से ज्यादा बकरियां
- समस्तीपुर में नल-जल मोटर के तार पर विवाद, सास-बहू की पिटाई