Samastipur News: Samastipur Express बिहार के समस्तीपुर जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों की पवित्रता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ एक मां और नानी ने मिलकर ममता का गला घोंटते हुए कोख में पल रहे बच्चे का जन्म से पहले ही सौदा कर दिया। बेटे की चाहत रखने वाले एक परिवार से ढाई लाख रुपये में डील पक्की की गई और प्रसव के तुरंत बाद मासूम को बेच दिया गया। हद तो तब हो गई जब ससुराल वालों को बच्चे की मौत की झूठी खबर दी गई, जिसके गम में परिवार के 24 सदस्यों ने अपना मुंडन तक करवा लिया।
लिंग जांच के बाद तय हुआ था सौदा
जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज मामला विभूतिपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। आरोप है कि महिला ने गर्भधारण के दौरान ही अल्ट्रासाउंड के जरिए अवैध रूप से लिंग जांच करवाई थी। जैसे ही पता चला कि गर्भ में पल रहा शिशु लड़का है, महिला ने अपनी मां (बच्चे की नानी) के साथ मिलकर उसे बेचने की योजना बना ली। चर्चा है कि एक मुस्लिम परिवार के साथ करीब 2.5 लाख रुपये में बच्चे का सौदा पहले ही तय हो चुका था।
अस्पताल से निकलते ही गायब किया बच्चा
28 फरवरी 2026 की रात महिला को प्रसव पीड़ा होने पर विभूतिपुर सीएचसी (CHC) में भर्ती कराया गया, जहाँ 1 मार्च को उसने एक स्वस्थ सुंदर बेटे को जन्म दिया। अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ थे। डिस्चार्ज के समय आशा कार्यकर्ता ने एम्बुलेंस से जाने की सलाह दी, लेकिन महिला बहाना बनाकर टोटो से मायके के लिए निकल गई। रास्ते में ही पूर्व नियोजित योजना के तहत बच्चे को खरीदार के हवाले कर दिया गया।
परिवार ने शोक में मुंडवाए बाल, ऐसे खुला राज
महिला ने अपने ससुराल फोन कर सूचना दी कि बच्चा मर गया है। इस खबर से परिवार में मातम छा गया। 2 मार्च को होलिका दहन के दिन, नवजात की मौत के शोक में पिता और दादी समेत परिवार के करीब 24 लोगों ने मुंडन करवा लिया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब गांव में बच्चे के सौदे की चर्चाएं तेज होने लगीं। किसी ग्रामीण ने मुंडन करा रहे परिजनों से कहा कि बच्चा तो जीवित है, फिर आप लोग शोक क्यों मना रहे हैं? शक होने पर 4 मार्च को होली के दिन ससुराल वाले और ग्रामीण महिला के मायके पहुंचे और बच्चे की मौत का सबूत मांगा। जब महिला और उसकी मां दफनाने की जगह नहीं दिखा पाईं, तो कड़ाई से पूछताछ में उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
यह भी पढ़ें:- समस्तीपुर समेत बिहार के कई जिलों में बदला मौसम का मिजाज, अगले 48 घंटे भारी; आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
डिस्क्लेमर: यह खबर Samastipur Express की टीम द्वारा तैयार की गई है। समस्तीपुर जिले की विश्वसनीय खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ।