समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला ने अपने पति को छोड़ देवर के साथ रहने का फैसला किया। ग्रामीणों द्वारा दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने के बाद पंचायत बुलाई गई, जिसमें पति की सहमति से देवर-भाभी की शादी करा दी गई। हालांकि, इस फैसले से नाराज पट्टीदारों (गोतिया) ने परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रेम प्रसंग और पंचायत का फैसला
मामला खानपुर थाना क्षेत्र का है, जहाँ 26 वर्षीया खुशबू कुमारी और उसके 20 वर्षीय देवर मनीष कुमार के बीच पिछले चार महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। खुशबू की शादी साल 2018 में चकौटि गांव के राजेश कुमार के साथ हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं। खुशबू का आरोप है कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता था और वह उसे पसंद नहीं करती थी।
जब ग्रामीणों को इस गुप्त रिश्ते की भनक लगी और दोनों को साथ पकड़ा गया, तो पूर्व सरपंच राजगीर महतो के नेतृत्व में पंचायत बैठी। पंचायत में मनीष और खुशबू ने एक-दूसरे के साथ रहने की इच्छा जताई। चौंकाने वाली बात यह रही कि खुशबू के पति राजेश ने भी इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया और अपनी मर्जी से दोनों की शादी के लिए सहमति दे दी। राजेश ने अपने दोनों बच्चों की जिम्मेदारी खुद संभाल ली है।
शादी के बाद खूनी संघर्ष
पंचायत के फैसले के बाद मनीष ने सबके सामने खुशबू की मांग भरी, लेकिन यह मिलन रिश्तेदारों को रास नहीं आया। मनीष के भाई दिनेश कुमार के अनुसार, उनके गोतिया के लोग इस शादी से नाराज थे और इसे खानदान की इज्जत के खिलाफ मान रहे थे। विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडों से लैस रिश्तेदारों ने मनीष के परिवार पर हमला बोल दिया।
इस हमले में मनीष के तीन भाई (दिनेश, शंकर, केशव), एक बहन (कृष्णा) और मां (रासो देवी) बुरी तरह जख्मी हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल में भर्ती और पुलिसिया कार्रवाई
सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉक्टर राजीव रोशन झा ने बताया कि घायल रासो देवी और केशव कुमार के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उनका सीटी स्कैन कराया जा रहा है ताकि आंतरिक चोटों का पता चल सके।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना पुलिस को सूचित कर दिया गया है। नगर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस पदाधिकारी को घायलों का बयान लेने के लिए अस्पताल भेजा गया है। बयान दर्ज होने के बाद मामले को उचित कार्रवाई के लिए खानपुर थाना भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें:- सुबह ओस, दोपहर में तपिश और रात में गुलाबी ठंड; समस्तीपुर में बदलते मौसम ने बढ़ाई मुसीबत, अस्पताल में उमड़ी मरीजों की भीड़
डिस्क्लेमर: यह खबर Samastipur Express की टीम द्वारा तैयार की गई है। समस्तीपुर जिले की विश्वसनीय खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ।