सांकेतिक चित्र: (Samastipur Express)
समस्तीपुर (Samastipur Express): बिहार के समस्तीपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है, जहाँ उजियारपुर थाना क्षेत्र के मालती (वार्ड नंबर 6) में एक 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान संजय सिंह की पत्नी बबीता कुमारी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है।
परिजनों का आरोप: हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश
मृतका के फूफा दिनेश सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब 9:00 बजे उन्हें सूचना मिली कि बबीता ने आत्महत्या कर ली है। जब परिवार के लोग मालती गाँव पहुँचे, तो बबीता का शव घर के बाहर एक चौकी पर रखा हुआ था। ससुराल वालों का दावा था कि उसने पंखे से लटक कर जान दी है, लेकिन मायके वालों ने इस पर कई सवाल उठाए हैं।
परिजनों का कहना है कि जिस पंखे से लटकने की बात कही जा रही है, उस पर धूल जमी हुई थी, जिससे साफ पता चलता है कि उसे किसी ने छुआ तक नहीं। साथ ही, कमरे में कोई ऐसी मेज या कुर्सी नहीं थी जिस पर चढ़कर फंदा लगाया जा सके। परिजनों का सीधा आरोप है कि बबीता के गले पर हाथ से गला घोंटने के निशान हैं और साक्ष्य मिटाने के लिए उसे फंदे से लटकाने की झूठी कहानी रची गई।
सोशल मीडिया पर एक्टिव थी बबीता
बबीता पेशे से एक निजी स्कूल में शिक्षिका थी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय रहती थी। उसके कई रील्स और पोस्ट्स इस बात की गवाही देते हैं कि वह जीवन के प्रति उत्साही थी। हालांकि, उसके आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट ने सबको चौंका दिया है, जिसमें उसने इशारों-इशारों में ‘लौट कर नहीं आने’ की बात लिखी थी। पुलिस अब इन डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच के बिंदु
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों ही पहलुओं (Angles) से मामले की तफ्तीश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
यह भी पढ़ें:- विभूतिपुर में पैक्स चुनाव के दौरान फर्जी मतदान को लेकर मारपीट, एक युवक जख्मी; मतदान केंद्र पर पुलिस बल तैनात
डिस्क्लेमर: यह खबर Samastipur Express की टीम द्वारा तैयार की गई है। समस्तीपुर जिले की विश्वसनीय खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ।