समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक जन्मदिन की पार्टी में सरेआम हथियारों का प्रदर्शन किया गया। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे तीन वीडियो ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। इस वीडियो में कुछ युवक हाथ में कट्टा लेकर भोजपुरी गानों पर ठुमके लगाते नजर आ रहे हैं, और हद तो तब हो गई जब उन्होंने नर्तकी (महिला डांसर) के हाथ में भी लोडेड हथियार थमा दिया।
साखमोहन गांव का है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना विभूतिपुर थाना क्षेत्र के साखमोहन गांव की है। यहाँ एक बर्थडे पार्टी का आयोजन किया गया था, जिसमें मनोरंजन के लिए महिला डांसरों को बुलाया गया था। कार्यक्रम के दौरान जब भोजपुरी गाना ‘हाथ भईल लाल कोनो कांड कैले हो’ बजा, तो वहां मौजूद 5 से 7 युवक जोश में आकर मंच पर चढ़ गए और अवैध हथियार लहराने लगे।
डांसर के हाथ में थमाया कट्टा, सुरक्षा पर उठे सवाल
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक न केवल खुद हथियार लहरा रहे हैं, बल्कि उन्होंने नाच रही महिला के हाथ में भी कट्टा थमा दिया। मंच पर मौजूद लोग बेखौफ होकर डांस करते रहे और नीचे बैठे दर्शक मूकदर्शक बने रहे। किसी ने भी इस जानलेवा हरकत को रोकने की कोशिश नहीं की। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है कि कैसे सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
एसपी ने लिया संज्ञान, थानाध्यक्ष को जांच के निर्देश
वीडियो वायरल होने के बाद समस्तीपुर के एसपी अरविंद्र प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्थानीय पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि यह वीडियो कब का है और इसमें दिख रहे युवक कौन हैं। पहचान होते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें:- समस्तीपुर कॉलेज में NSUI का हल्ला बोल: 10 सूत्री मांगों को लेकर धरना, अनिश्चितकालीन तालाबंदी की चेतावनी
डिस्क्लेमर: यह खबर Samastipur Express की टीम द्वारा तैयार की गई है। समस्तीपुर जिले की विश्वसनीय खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ।