मुसरीघरारी में लोन के नाम पर बड़ी ठगी: ‘लक्ष्मी चीट फंड’ दफ्तर में ताला लटका देख लोगों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम

0
समस्तीपुर न्यूज़: लोन के नाम पर लाखों की ठगी, कंपनी दफ्तर पर ताला देख भड़के लोग, सड़क जाम | Samastipur Express
WhatsApp Group Join Now

समस्तीपुर (मुसरीघरारी): जिले में एक बार फिर चिटफंड कंपनी द्वारा आम लोगों की गाढ़ी कमाई लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में ‘लक्ष्मी चीट फंड’ नामक एक कंपनी ने दर्जनों लोगों को लोन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर ली। सोमवार को जब पीड़ित अपने लोन की राशि लेने कार्यालय पहुंचे, तो वहां ताला लटका मिला, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने समस्तीपुर-मुसरीघरारी मुख्य मार्ग को जाम कर जमकर प्रदर्शन किया।

डेढ़ लाख के लोन का दिया था झांसा

मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी चीट फंड कंपनी ने भोले-भले लोगों को कम ब्याज पर 1.5 लाख रुपये का लोन दिलाने का प्रलोभन दिया था। इस प्रक्रिया के नाम पर कंपनी के कर्मियों ने प्रत्येक व्यक्ति से 5-5 हजार रुपये सिक्योरिटी और फाइल चार्ज के रूप में जमा करवाए थे। कंपनी का कार्यालय मुसरीघरारी-समस्तीपुर मुख्य सड़क पर एक होटल के ठीक सामने स्थित था, जहां से सारा कारोबार संचालित हो रहा था।

सोमवार को बुलाया था लोन बांटने, खुद हुए रफूचक्कर

ठगी के शिकार हुए लोगों ने बताया कि कंपनी के अधिकारियों ने उन्हें सोमवार को लोन की राशि प्रदान करने के लिए ब्रांच पर बुलाया था। जब कल्याणपुर, जंदाहा और अन्य 25-30 किलोमीटर दूर-दराज के इलाकों से महिलाएं और पुरुष तय समय पर ऑफिस पहुंचे, तो वहां सन्नाटा पसरा था। ऑफिस में ताला लगा हुआ था और ब्रांच मैनेजर समेत सभी कर्मियों के मोबाइल नंबर बंद आ रहे थे। यह देखते ही लोगों को समझ आ गया कि उनके साथ ठगी हुई है।

महिलाओं ने सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन

धोखाधड़ी से नाराज बड़ी संख्या में महिलाओं ने सड़क पर उतरकर विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी प्रशासन से अपनी डूबी हुई रकम वापस दिलाने और जालसाजों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। मौके पर मौजूद महिलाओं का कहना था कि वे बहुत गरीब हैं और कर्ज लेकर या मेहनत की कमाई बचाकर उन्होंने पैसे जमा किए थे।

पुलिस की कार्रवाई और आश्वासन

सड़क जाम की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना की पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को काफी देर तक समझाया और कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम को हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका। फिलहाल पुलिस कंपनी के मालिकों और मैनेजर का पता लगाने के लिए जांच में जुट गई है।

यह भी पढ़ें:- समस्तीपुर न्यूज़: विभूतिपुर में बड़ा हादसा, बूढ़ी गंडक नदी से लापता किशोर का शव बरामद; परिजनों में मचा कोहराम

डिस्क्लेमर: यह खबर Samastipur Express की टीम द्वारा तैयार की गई है। समस्तीपुर जिले की विश्वसनीय खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed