समस्तीपुर (पूसा): बिहार के समस्तीपुर जिले के वैनी थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुमशुदा नाबालिग लड़की को भारत-नेपाल सीमा से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में संलिप्त एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
नानी के घर से हुई थी लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली एक नाबालिग लड़की पूसा प्रखंड के वैनी गांव स्थित अपनी नानी के घर रह रही थी। बीते 25 मार्च की सुबह अचानक वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद जब लड़की का कहीं पता नहीं चला, तो परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए स्थानीय थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।
नेपाल भागने की फिराक में था आरोपित
वैनी थानाध्यक्ष कल्पना कुमारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय स्तर पर पूछताछ के आधार पर छानबीन तेज कर दी। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपित युवक लड़की को लेकर भारत-नेपाल सीमा पार करने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और भारत-नेपाल सीमा के पास से लड़की को बरामद कर लिया। मौके से पुलिस ने आरोपित युवक को भी धर दबोचा।
आरोपित को भेजा गया जेल
गिरफ्तार आरोपित की पहचान वैनी निवासी मो. मुर्तुजा के पुत्र मो. फिरदौस के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, कोर्ट के निर्देशानुसार नाबालिग लड़की को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें:- समस्तीपुर में जीविका दीदियों की चमकेगी किस्मत: सहायता राशि के उपयोग की जांच शुरू, सफल महिलाओं को मिलेंगे 2 लाख रुपये
डिस्क्लेमर: यह खबर Samastipur Express की टीम द्वारा तैयार की गई है। समस्तीपुर जिले की विश्वसनीय खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ।