सांकेतिक चित्र: (Samastipur Express)
समस्तीपुर जिले में साइबर अपराधियों का जाल लगातार गहराता जा रहा है। ताजा मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुसापुर का है, जहां फेसबुक पर एक लड़की से दोस्ती करना एक युवक को बेहद भारी पड़ गया। प्यार और मुनाफे के झांसे में आकर युवक ने अपने जीवन की जमा पूंजी और पिता की गाढ़ी कमाई के लाखों रुपये गंवा दिए हैं।
फेसबुक पर ‘आरूषी’ बनकर बिछाया जाल
पीड़ित कुमार अमर (पिता चंद्रशेखर ठाकुर) ने बताया कि कुछ समय पहले फेसबुक पर उसे आरूषी कुमारी नाम की एक लड़की की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई, जिसने खुद को राजस्थान के जयपुर की निवासी बताया था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। जब युवक पूरी तरह लड़की के विश्वास में आ गया, तब उसने उसे ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए कम समय में मोटा पैसा कमाने का लालच दिया।
मुनाफे का लालच देकर कराया ऐप डाउनलोड
ठगों ने युवक को अपने जाल में फंसाने के लिए एक विशेष ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराया। शुरुआत में युवक को विश्वास दिलाने के लिए कुछ हजार रुपयों का फायदा भी कराया गया और वह राशि उसके बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दी गई। इस शुरुआती “प्रॉफिट” को देखकर कुमार अमर का भरोसा बढ़ गया और उसने बड़े निवेश की योजना बना ली।
11.10 लाख रुपये की बड़ी चपत
साइबर अपराधियों ने युवक को अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप और ऑनलाइन ऐप के माध्यम से झांसा देकर दो किस्तों में बड़ी रकम ऐंठ ली।
- पहले अकाउंट से 9.79 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए।
- दूसरे अकाउंट से 1.31 लाख रुपये लिए गए।
जब युवक के ऐप डैशबोर्ड पर उसकी कुल पूंजी और मुनाफा मिलाकर 68 लाख रुपये दिखने लगे, तो उसने उस राशि को निकालने (Withdrawal) की कोशिश की।
निकासी के नाम पर 20 लाख की और मांग
जैसे ही पीड़ित ने अपनी राशि निकालनी चाही, साइबर ठगों ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया। उससे कहा गया कि 68 लाख रुपये निकालने के लिए उसे पहले 20.64 लाख रुपये कमीशन के तौर पर जमा करने होंगे। जब युवक ने सवाल किए, तो लड़की और उसके साथियों ने बातचीत कम कर दी और केवल पैसे जमा करने का दबाव बनाने लगे। शक होने पर जब अमर ने इंटरनेट पर ऐसी खबरें देखीं, तो उसके होश उड़ गए।
पुलिस की कार्रवाई और डीएसपी की चेतावनी
पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दी और अब समस्तीपुर साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। डीएसपी ने यह भी खुलासा किया कि पीड़ित युवक पढ़ा-लिखा बेरोजगार है और उसने शुरुआती लालच में आकर अपने पिता के पैसे भी दांव पर लगा दिए थे।
यह भी पढ़ें:- समस्तीपुर में मानवता शर्मसार: कलयुगी मां और नानी ने ₹2.5 लाख में किया नवजात का सौदा, लिंग जांच के बाद रची थी साजिश
डिस्क्लेमर: यह खबर Samastipur Express की टीम द्वारा तैयार की गई है। समस्तीपुर जिले की विश्वसनीय खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ।